रायपुर। CG NEWS: पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से थाना अभनपुर अंतर्गत ग्राम केंद्री में आज दिनांक 11/09/2026 को पंचायत पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों एवं ग्रामीणों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्राम में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं, बदमाश प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से चाकू एवं अन्य हथियार रखने तथा अवैध शराब के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।


पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों से अपील की गई कि ग्राम में किसी भी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से चाकू अथवा अन्य हथियार रखने की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही, ऐसे हथियारों को स्वेच्छा से संबंधित थाने में जमा कराने हेतु ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में ग्रामीणों एवं पंचायत पदाधिकारियों ने ग्राम में अवैध शराब के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा अवैध शराब का निर्माण, परिवहन अथवा बिक्री करने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने पर सहमति व्यक्त की। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में आमजन की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक के दौरान पुलिस एवं ग्रामीणों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा ग्राम में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता एवं सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
बैठक में मुख्य रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्री अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर श्री तुलसी राम लेकाम, थाना प्रभारी अभनपुर श्री सत्येंद्र सिंह श्याम, ग्राम पंचायत केंद्री के सरपंच श्री नेतराम साहू, उपसरपंच, पंचायत पदाधिकारी, समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


