रायपुर। CG NEWS: सामाजिक कार्यकर्ता व महिला नेत्री सावित्री जगत ने कहा लोकसभा के विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक का पारित न हो पाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। आज महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने हेतु संविधान संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया गया, जिस पर मतदान भी हुआ। 298 सदस्यों ने इसके समर्थन में मतदान किया, जबकि 230 वोट इसके विरोध में पड़े। दुर्भाग्यवश, आवश्यक दो-तिहाई बहुमत प्राप्त न होने के कारण यह महत्वपूर्ण विधेयक पारित नहीं हो सका।
उन्होंने कहा यह स्थिति न केवल लोकतंत्र के लिए बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के अधिकारों के लिए भी आघात है। यदि यह विधेयक पारित हो जाता, तो लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ती, जिससे महिलाओं को सशक्त नेतृत्व का अवसर मिलता।

सावित्री जगत ने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा किसी भी प्रकार से राजनीतिक लाभ या श्रेय लेने का विषय नहीं होना चाहिए। यह देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा एक गंभीर विषय है, जिसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए था।

