तिल्दा-नेवरा। जिला पंचायत रायपुर की सभापति स्वाति वर्मा ने भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता एवं नई दिल्ली में इसके सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक निर्णायक शक्ति के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की विदेश नीति और कूटनीति ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को अभूतपूर्व मजबूती प्रदान की है। आज दुनिया भारत की बात को गंभीरता से सुनती है और वैश्विक मुद्दों पर भारत की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता है। यह प्रधानमंत्री मोदी जी की मजबूत इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली नीति का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता और उसके सफल नेतृत्व ने पूरी दुनिया के सामने भारत की नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया। करोना महामारी के कठिन दौर में भारत ने स्वयं चुनौतियों का सामना करते हुए दुनिया के अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध कराई। यह भारत की “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना और मानवता के प्रति उसकी जिम्मेदारी का परिचायक है।

प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। योग को विश्वव्यापी पहचान दिलाने के प्रयासों के परिणामस्वरूप 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।आतंकवाद के खिलाफ प्रधानमंत्री मोदी जी का स्पष्ट, कठोर और निर्णायक रुख भारत की बदलती शक्ति का परिचायक है। आज भारत आतंकवाद के सामने झुकने वाला नहीं, बल्कि उसका मुंहतोड़ जवाब देने वाला राष्ट्र बन चुका है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को विश्व के सबसे प्रभावशाली और दमदार नेताओं में गिना जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च राजकीय एवं नागरिक सम्मानों की बड़ी संख्या भारत के बढ़ते वैश्विक सम्मान और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया के विश्वास का प्रमाण है। ये सम्मान केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सम्मान नहीं, बल्कि भारत की 140 करोड़ जनता, भारत की संस्कृति और भारत की बढ़ती शक्ति का सम्मान है।
प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है। आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और गरीब कल्याण की योजनाओं ने देश के विकास को नई दिशा दी है। भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
“मोदी जी का नेतृत्व नए भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक है। जिस भारत को कभी विश्व की ओर आशा भरी नजरों से देखना पड़ता था, आज वही भारत विश्व को दिशा देने की क्षमता रखता है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने 140 करोड़ भारतीयों के भीतर ‘हम कर सकते हैं’ का विश्वास जगाया है।”
नरेंद्र मोदी जी को मिल रहा वैश्विक सम्मान इस बात का प्रमाण है कि भारत की ताकत, भारत की कूटनीति और भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का क्षण है और हम सभी को ऐसे राष्ट्रनायक के नेतृत्व में विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।


