रायपुर। CG WEATHER NEWS: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। लगातार दूसरे दिन पूरा प्रदेश तेज गर्मी और लू की चपेट में रहा। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है। सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप का असर शुरू हो रहा है, जबकि दोपहर में लू चलने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। गर्म हवाओं का असर शाम 5 बजे तक बना रह रहा है।
शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में पारा 44.2 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री, जगदलपुर में 42.4 डिग्री और अंबिकापुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि अंदरूनी उड़ीसा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से उड़ीसा तक द्रोणिका बनी हुई है और उत्तर पाकिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखा जा रहा है। इन सिस्टम्स के कारण अगले तीन दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि मौसम विभाग ने राहत की भी संभावना जताई है। बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में 29 मई के बाद मौसम बदलने के संकेत हैं। तब तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।
रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से सावधान रहने की सलाह दी है।


