रायपुर। CG BREAKING: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर में 700 बिस्तरों वाले एकीकृत अस्पताल भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 376 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
इस अस्पताल के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। खास बात यह होगी कि सुरक्षित प्रसव से लेकर नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल तक की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहेंगे।

मेकाहारा परिसर में बनने वाला यह 700 बिस्तरों का एकीकृत अस्पताल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। यहां आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और बेहतर उपचार व्यवस्था के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही गंभीर परिस्थितियों में गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
536 बिस्तरों का परिजन विश्राम गृह भी बनेगा
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान मेकाहारा परिसर में लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 536 बिस्तरों के परिजन विश्राम गृह का भी शिलान्यास करेंगे। इस विश्राम गृह का निर्माण सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के सहयोग से किया जाएगा।
इससे प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से इलाज कराने रायपुर आने वाले मरीजों के परिजनों को काफी राहत मिलेगी। अक्सर मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को अस्पताल के आसपास ठहरने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस विश्राम गृह के तैयार होने के बाद उन्हें ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
प्रदेश के पहले शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज का शुभारंभ
स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित प्रदेश के पहले शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय का शुभारंभ करेंगे।
इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में संचालित होने वाले पहले नर्सिंग महाविद्यालय की भी शुरुआत की जाएगी। इन संस्थानों के शुरू होने से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे और प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
इन सभी परियोजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के साथ चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने की तैयारी है। मेकाहारा में नए अस्पताल और परिजन विश्राम गृह के निर्माण से मरीजों के साथ आने वाले परिवारों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।


