CG NEWS: कोपरा-पोखरा सड़क चौड़ीकरण में लापरवाही का आरोप, धूल से राहगीर परेशान
गिरीश गुप्ता गरियाबंद: विधायक रोहित साहू की पहल पर स्वीकृत कोपरा-पोखरा सड़क चौड़ीकरण परियोजना अब सवालों के घेरे में है। करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क का निर्माण कार्य लगभग छह महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार शुरुआत से ही नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से काम कर रहा है।
करीब 26 किलोमीटर लंबी इस सड़क से क्षेत्र के कई गांवों के लगभग 20 हजार लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद थी। हालांकि फिलहाल निर्माण कार्य के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही से लगातार धूल उड़ रही है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर मुरूम डालने के बाद पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा। हालत यह है कि सड़क पूरी तरह धूल से ढकी हुई है और कई जगह 10 मीटर दूर तक भी साफ दिखाई नहीं देता। इससे राहगीरों को आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब सड़क चौड़ीकरण के लिए इतनी बड़ी राशि मंजूर हुई थी तो लोगों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब हालात इसके उलट हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, किसान और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि नियमों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान दिन में कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव किया जाना चाहिए, लेकिन अब तक एक भी पानी का टैंकर मौके पर नहीं पहुंचा। खेतों में खड़ी फसलों पर भी धूल की मोटी परत जम रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि इस सड़क निर्माण से मुड़तराई, जेंजरा, देवरी, कौंदकेरा, रामनगर, बहेरापाल, बोरसी, बासीन और पोखरा सहित कई गांवों को सीधा लाभ मिलना था। मगर फिलहाल ठेकेदार की लापरवाही से लोग परेशान हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग से मांग की है कि ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई की जाए और नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

