बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के श्रम कार्यालय में आज उस समय बेहद शर्मनाक और अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब एक मामले की पैरवी के दौरान वकील और आवेदक आपस में बुरी तरह भिड़ गए। मिली जानकारी के अनुसार, श्रम कार्यालय में एक आवेदक ने एलडब्ल्यूपी (लीव विदाउट पे) से संबंधित केस लगाया हुआ है, जिसकी सुनवाई चल रही थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर आवेदक और वकील के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते एक बड़े विवाद का रूप ले लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, दफ्तर के भीतर ही दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान वकील ने हंगामा मचाते हुए खुद अपने ही कपड़े फाड़ डाले।

वहीं दूसरी ओर, बदहवास आवेदक ने वकील पर सरेआम मारपीट करने, अभद्र व्यवहार करने और मां-बहन की गालियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। शासकीय कार्यालय के भीतर दिनदहाड़े हुए इस अप्रत्याशित हंगामे और मारपीट की वजह से वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य पक्षकारों में हड़कंप मच गया और काफी देर तक दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

