बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के मंगला स्थित सैन रेजिडेंसी योग आश्रम के सामने रहने वाले किसान पिछले करीब 20 दिनों से बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों के अनुसार 9 मई को आए आंधी-तूफान के बाद इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी, जिसके बाद से अब तक नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली बंद रहने के कारण किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी सिंचाई को लेकर उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र के अधिकांश किसान बोरवेल के माध्यम से खेतों में पानी पहुंचाते हैं, लेकिन बिजली नहीं होने से मोटर पंप बंद पड़े हैं। इससे सब्जियों की फसल सूखने लगी है और किसानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। पीने और घरेलू उपयोग का पानी तो किसी तरह जुटाया जा रहा है, लेकिन खेती के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा।किसानों ने बताया कि नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। लगातार हो रही बिजली कटौती और लंबे समय से समस्या का निराकरण नहीं होने से किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।


