कांकेर। जिले के कोरर थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। सड़क किनारे गंभीर हालत में मिली युवती को पहले धनेलीकन्हार अस्पताल और फिर कांकेर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस फिलहाल इसे सड़क दुर्घटना का मामला मानकर जांच कर रही है।
मृतका की पहचान रीना कुंजाम (19 वर्ष), निवासी ग्राम कांटागांव, चारामा तहसील के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रीना अपनी मां कमलेश्वरी कुंजाम और बड़ी बहन सरया कन्नाची के साथ 21 मई को रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। शादी के दौरान रात करीब 11 बजे उसने बड़ी बहन से घर जाने की बात कही।
इसी दौरान रीना ने बताया कि उसका एक दोस्त उसे छोड़ देगा। इसके बाद युवक दोनों बहनों को कांटागांव लेकर आया। वहां से रीना ने बहन से कहा कि वह मां के पास शादी वाले घर लौट जाए और खुद उसी युवक के साथ चली गई।
रात में गश्त के दौरान पुलिस को कोकानपुर स्थित राइस मिल के पास सड़क किनारे रीना गंभीर हालत में मिली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर कांकेर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल से एक बाइक बरामद हुई, लेकिन जिस युवक के साथ रीना निकली थी, वह मौके से फरार मिला। इसी बात को लेकर परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि यह केवल सड़क हादसा था, तो युवक घायल युवती को छोड़कर क्यों भाग गया? उनका आरोप है कि रीना पर हमला कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया।
परिजन लगातार कोरर थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कांकेर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच की मांग की।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। हालांकि परिजनों के आरोपों को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

