रायपुर। CG NEWS : हाल ही में रायपुर अधिवक्ता संघ के चुनाव संपन्न हुए, जिसमें विभिन्न पदों पर नए पदाधिकारियों ने जीत दर्ज की। अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित सहसचिव गुणेश निर्मलकर ने ग्रैंड न्यूज़ से चर्चा के दौरान कहा कि इस चुनाव में उन्हें अधिवक्ताओं का भरपूर समर्थन मिला है।
उन्होंने बताया कि कोविड काल के कारण पिछले कार्यकाल में कई कार्य पूरे नहीं हो सके थे, जिन्हें अब प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। गुणेश निर्मलकर ने कहा कि कोविड के बाद यह दूसरा चुनाव है और इस बार उनका सबसे बड़ा मुद्दा कोर्ट परिसर में पार्किंग व्यवस्था को सुधारना था।

उन्होंने कहा कि अदालत परिसर में पार्किंग की समस्या अधिवक्ताओं और आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसके समाधान के लिए उन्होंने विशेष योजना तैयार की है। उन्होंने स्वीकार किया कि इस दिशा में कुछ विरोध भी सामने आ सकता है, लेकिन सभी चुनौतियों का सामना करते हुए बेहतर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और नए अधिवक्ताओं के लिए सरल एवं सुविधाजनक कार्यप्रणाली विकसित करने की बात कही, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


