कवर्धा। CG CRIME: आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एंड्रॉइड मोबाइल, सिम कार्ड और ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम बैहरसरी निवासी रघुवीर वर्मा (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। बताया गया कि पुलिस टीम क्षेत्र में जुआ-सट्टा संबंधी गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन दांव लगाकर सट्टा चला रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मौके पर रेड कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीवो कंपनी का वी-50 मोबाइल बरामद हुआ।

मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट, इंटरनेट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल सामग्री में आईपीएल सट्टा संचालन से जुड़े लिंक और लेनदेन के प्रमाण मिले। पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन सट्टा खेलने और रकम के लेनदेन की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, सिम कार्ड और करीब 20 पृष्ठ डिजिटल स्क्रीनशॉट जब्त किए गए। कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा, जुआ या साइबर अपराध से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

