कोंडागांव। CG NEWS : सोमवार दोपहर फरसगांव बस स्टैंड स्थित फुट ओवरब्रिज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अचानक ओवरब्रिज से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के नीचे गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल उसकी मदद के लिए लोग आगे आए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पत्रकारों और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए 112 की मदद से घायल युवक को तत्काल फरसगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। उसकी स्थिति को देखते हुए हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि, युवक के ओवरब्रिज से नीचे गिरने की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। हादसे के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और स्थानीय पत्रकारों द्वारा युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद ही युवक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है।


