पिंटू दुबे, बिलासपुर। CG News : जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के कुंआ गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डीजे पर नाचने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। मोढ़े गांव से आई बारात में बारातियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस झड़प के दौरान न केवल बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया, बल्कि बारात में शामिल वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे वैवाहिक कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मोढ़े गांव से बारात कुंआ गांव पहुंची थी, जहाँ स्वागत के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर बारातियों और गांव के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद की शुरुआत बारातियों द्वारा हाथापाई करने से हुई, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हो गए और बारातियों को चारों ओर से घेर लिया। आक्रोशित भीड़ ने बारातियों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। उपद्रवियों ने अपना गुस्सा बारात में खड़ी गाड़ियों पर भी उतारा और कई वाहनों के शीशे तोड़ते हुए उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस हिंसक झड़प में विनय पटेल और पंकज पटेल नामक दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को मुश्किल से नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया है और अब मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।


