जांजगीर-चांपा। CG NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के डुमरपाली गांव में क्रेशर संचालक की कथित मनमानी से किसान और ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने क्रेशर मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए खेतों में जबरन पानी छोड़े जाने और खदान में होने वाली ब्लास्टिंग से घरों को नुकसान पहुंचने की शिकायत की है।
किसानों का आरोप है कि क्रेशर और खदान से निकलने वाला पानी पाइप के जरिए उनके खेतों में डाला जा रहा है, जिससे करीब 5 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है। किसान धान की फसल पकने के बाद कटाई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन खेतों में पानी भरने से उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

दरअसल, डुमरपाली गांव के 5 से 6 किसानों का आरोप है कि क्रेशर की खदान में जमा पानी को पाइप के सहारे जबरन उनके खेतों में छोड़ा जा रहा है। इससे खेतों में पानी भर गया है और तैयार धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि उनकी आजीविका का मुख्य साधन खेती है और फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
वहीं ग्रामीणों ने खदान में होने वाली ब्लास्टिंग को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि ब्लास्टिंग के कंपन से गांव के कई मकानों की दीवारों में दरारें पड़ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है, लेकिन उनका कहना है कि अब तक क्रेशर संचालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अब पीड़ित किसान अपनी बर्बाद हुई फसल का मुआवजा मांग रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।


