रायपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के किसानों के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। धान खरीदी के साथ कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, धान की सरकारी खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। सरकार प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदेगी।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने 13 नवंबर को नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।

कम धान बेचने पर भी मिलेगा प्रोत्साहन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के निर्धारित अनुपात से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
15 दिसंबर से होगी मिलेट्स की सरकारी खरीदी
प्रदेश में 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक मिलेट्स की सरकारी खरीदी की जाएगी। मार्कफेड के माध्यम से रागी की खरीदी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित MSP पर होगी, जबकि कोदो और कुटकी की खरीदी राज्य सरकार की तय दरों पर की जाएगी।
दूसरी फसल लेने पर प्रति एकड़ 15 हजार रुपये
धान की जगह दूसरी फसल उगाने वाले किसानों को अब 11 हजार की जगह 15 हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता दी जाएगी। इसके अलावा दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
अरहर, उड़द और सोयाबीन की दरें तय
सरकार ने विभिन्न फसलों के लिए निम्नलिखित दरें निर्धारित की हैं:
- अरहर : 8,450 रुपये प्रति क्विंटल
- उड़द : 8,200 रुपये प्रति क्विंटल
- सोयाबीन : 5,708 रुपये प्रति क्विंटल
सरकार की इन घोषणाओं का उद्देश्य धान उत्पादक किसानों के साथ-साथ वैकल्पिक फसलों और मिलेट्स की खेती को भी बढ़ावा देना है।


