महासमुंद। CG Accident : बागबाहरा में देवाशीष स्कूल के पास हादसे के बाद क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोग आगे आए। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव में मदद की। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। एंबुलेंस में सवार दो अन्य महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हैं।
इलाज के बाद मरीज को लेकर ओडिशा जा रही थी एंबुलेंस
एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 इलाज करा चुके एक मरीज को लेकर ओडिशा जा रही थी। राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास वह सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर से एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद किया रेफर
पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से निकालकर बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया। दोनों महिलाओं के शव पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
एंबुलेंस में सवार लोग शुरुआती जानकारी के मुताबिक ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ हादसे की वजह की जांच कर रही है।


