जशपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ के एक गांव ने ग्रामीण विकास की नई राह दिखाई है। अब ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए केवल सरकारी अनुदान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि बिजली उत्पादन से नियमित आमदनी भी होगी। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड की ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से 280 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस संयंत्र का लोकार्पण किया। इस परियोजना की खास बात यह है कि यहां पैदा होने वाली बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में जाएगी और उससे मिलने वाले लाभांश से ग्राम पंचायत की आमदनी बढ़ेगी। इसे छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली परियोजना बताया गया है।
हर साल पंचायत को मिलेंगे 18.75 लाख रुपये


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों को वास्तविक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए पंचायतों के पास आय के स्थायी साधन होना जरूरी है। कुंजारा में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र इसी दिशा में एक नई पहल है। इस संयंत्र से हर साल लगभग 4 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजा जाएगा और वर्चुअल नेट मीटरिंग के जरिए जशपुर जिले के अलग-अलग सरकारी कार्यालयों की बिजली खपत में इसका समायोजन किया जाएगा। इसके बदले ग्राम पंचायत को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इस व्यवस्था से पंचायत को सालाना करीब 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। इस राशि का इस्तेमाल ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार गांव में सड़क, बुनियादी सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों पर किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने गांव को दी विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही श्री टोली में सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के पास एक अन्य सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सामुदायिक भवन और जरूरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। इन सुविधाओं के विकसित होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकेंगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की जरूरत है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली खर्च में भी कमी आती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों का सही इस्तेमाल करके गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। कुंजारा की परियोजना इसी सोच का उदाहरण है, जहां बिजली उत्पादन को ग्राम पंचायत की नियमित आमदनी से जोड़ा गया है।
कैसे काम करेगी सौर ऊर्जा परियोजना?
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत पंचायती राज मंत्रालय ने जिला पंचायत जशपुर के प्रस्ताव पर इस परियोजना को मंजूरी दी थी। इसके बाद ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से 280 किलोवाट क्षमता का ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया। इसकी स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से की है। संयंत्र में उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित होगी। इसके लिए संयंत्र स्थल पर नेट मीटर लगाया गया है, जिससे प्रतिदिन होने वाले बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

वहीं, जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शनों को वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। इसके तहत सौर संयंत्र से ग्रिड में भेजी गई बिजली का समायोजन इन कार्यालयों की खपत के अनुसार होगा। इससे सरकारी कार्यालयों के बिजली बिल में भी कमी आएगी और निर्धारित दर के अनुसार मिलने वाला लाभांश ग्राम पंचायत के खाते में जमा होगा। इस पूरी व्यवस्था के संचालन और लाभांश वितरण के लिए विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता ज्ञापन भी किया गया है।
दूसरी पंचायतों के लिए भी खुल सकता है कमाई का रास्ता

अब तक ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए मुख्य रूप से सरकारी योजनाओं और अनुदान पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन कुंजारा की यह परियोजना पंचायतों के लिए अपनी आय का नया स्रोत तैयार करने का रास्ता दिखाती है। यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो प्रदेश की दूसरी ग्राम पंचायतें भी सौर ऊर्जा के माध्यम से नियमित आमदनी अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, उपेंद्र यादव, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


