बेमेतरा। CG NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। बेमेतरा जिला मुख्यालय स्थित भद्रकाली माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जिला प्रशासन द्वारा भद्रकाली माता मंदिर परिसर में करीब 5 हजार दीयों के भव्य दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की गई है। इसके साथ ही जिले की सभी 336 ग्राम पंचायतों, शासकीय भवनों, अमृत सरोवरों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और नगरीय निकायों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसके अलावा चिन्हांकित 27 ग्राम पंचायतों के हर घर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार इस दौरान पूरे जिले में 6 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों से कार्यक्रम में सहभागी बनने तथा अपने घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने की अपील की है।

