गरियाबंद। Environment Day: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से वन्यजीवों की दुनिया का एक बेहद रोचक और दुर्लभ दृश्य सामने आया है। दक्षिण उदंती परिक्षेत्र के घने जंगल में छोटे पक्षियों द्वारा अपने घोंसले और बच्चों की रक्षा के लिए एक शिकारी पक्षी को खदेड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा बटोर रहा है।
टाइगर रिजर्व के डीएफओ Varun Jain ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए बताया कि जंगल में Indian Paradise Flycatcher और White-browed Fantail ने अपने घोंसले, अंडों और बच्चों की सुरक्षा के लिए एक Crested Serpent Eagle पर लगातार चोंच से हमला किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों छोटे पक्षी चील के सिर और पीठ पर बार-बार प्रहार कर उसे अपने क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार पक्षियों के इस साहसी, संगठित और आक्रामक रक्षात्मक व्यवहार को ‘मॉबिंग’ (Mobbing) कहा जाता है। जब किसी शिकारी पक्षी या जीव से घोंसले और बच्चों को खतरा महसूस होता है, तब कई छोटे पक्षी मिलकर उसे परेशान करते हैं और अपने क्षेत्र से खदेड़ देते हैं। यह प्रकृति की एक अद्भुत रक्षा रणनीति मानी जाती है।
इस वीडियो की एक और खास बात लोगों का ध्यान खींच रही है। अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो में मूल स्रोत का उल्लेख नहीं किया जाता, लेकिन डीएफओ वरुण जैन ने वीडियो पोस्ट करते समय इसे रिकॉर्ड करने वाले वनकर्मी को पूरा श्रेय दिया। उन्होंने पोस्ट में स्पष्ट रूप से “Video – Beat Guard Takeshwar Dewangan” लिखकर वीडियो का क्रेडिट बीट गार्ड Takeshwar Dewangan को दिया।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसे दृश्य जंगल के पारिस्थितिक तंत्र की जटिलता और वन्यजीवों के व्यवहार को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर सामने आया यह वीडियो न केवल प्रकृति की अद्भुत दुनिया की झलक दिखाता है, बल्कि यह भी बताता है कि आकार में छोटे जीव भी अपने परिवार और अस्तित्व की रक्षा के लिए बड़े से बड़े शिकारी का मुकाबला करने का साहस रखते हैं।


