गरियाबंद। CG NEWS: गरियाबंद में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड मैनपुर के ग्राम गौरघाट गोपालपुर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की पहल पर ग्राम गौरघाट गोपालपुर की 8 वर्षीय बालिका दामिनी को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। कलेक्टर बीएस उईके एवं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने बालिका को आयुष्मान कार्ड सौंपते हुए उसके परिवार को योजना के लाभों की जानकारी दी। आयुष्मान कार्ड मिलने से अब दामिनी और उसके परिवार को सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा प्राप्त होगी। यह कार्ड आकस्मिक बीमारी अथवा गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की स्थिति में परिवार पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने में सहायक होगा। ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बन रही है।

दामिनी के परिजनों ने आयुष्मान कार्ड प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब जरूरत पड़ने पर बेहतर उपचार की चिंता कम होगी। उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे गांवों तक पहुंच रहा है, जिससे आम लोगों को काफी सुविधा मिल रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है, जिससे शासन की जनहितकारी योजनाओं का प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहा है।

