Malviya Nagar fire incident: नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल ‘फ्लोरिश स्टे’ के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बृहस्पतिवार को साकेत कोर्ट में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस ने जांच के लिए चार दिन की कस्टडी की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
मामले में होटल का मैनेजर जय मिश्रा अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपराज्यपाल ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, दिल्ली सरकार ने भी हादसे के कारणों और जिम्मेदारियों का पता लगाने के लिए एक संयुक्त जांच समिति का गठन किया है, जो निर्धारित समय में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री घायलों का हाल जानने के लिए साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि मालवीय नगर स्थित ‘फ्लोरिश स्टे’ होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में 11 विदेशी नागरिकों सहित कुल 21 लोगों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक घटना ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया है।

