जनता का पैसा, जनता की सुविधा और जनता का विकास- यही नगर निगम की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए
धमतरी । CG NEWS : धमतरी में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से दो भव्य प्रवेश द्वार बनाने की योजना पर नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष हरमीत सिंह होरा ने निशाना साधते हुए महापौर से कहा है कि आखिर शहर की प्राथमिकता क्या है—दिखावे पर करोड़ों रुपये खर्च करना या जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना?
उन्होंने कहा कि आज धमतरी की वास्तविक स्थिति यह है कि पिछले 7 महीनों से लोगों को पेंशन नहीं मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त के लिए हितग्राही दर-दर भटक रहे हैं। औद्योगिक वार्ड में प्रधानमंत्री आवास की बहुमंजिला इमारत आज तक पूरी नहीं हो पाई है और हितग्राही अपने घर के इंतजार में परेशान हैं। सैकड़ों विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र दो-दो वर्षों से लंबित हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। नोकुल नगर की योजना भी आज तक अधूरी पड़ी है।

हरमीत सिंह होरा ने आगे कहा कि अनेक वार्डों में जर्जर सड़कें, गड्ढे, धूल, नालियों और साफ-सफाई की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। कई विकास कार्य अधूरे हैं और नगर निगम के भीतर आपसी खींचतान एवं गुटबाजी की चर्चाएं भी सामने आती रहती हैं। ऐसे हालात में नगर निगम की गाढ़ी कमाई के 10 करोड़ रुपये दो प्रवेश द्वारों पर खर्च करना आखिर किस विकास की प्राथमिकता को दर्शाता है?
धमतरी की पहचान पहले से ही नगाड़ा बांध, मां विंध्यवासिनी मंदिर, मां अंगारमोती मंदिर और धान का कटोरा के रूप में पूरे देश में है। हमारी नगरी एक धर्मनगरी और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पहचान रखने वाला शहर है। इसे अपनी पहचान स्थापित करने के लिए भव्य द्वारों की आवश्यकता नहीं है।
महापौर को दिखावे की योजनाओं पर खर्च करने के बजाय जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। 10 करोड़ रुपये से अधूरे विकास कार्य पूरे हो सकते हैं, जरूरतमंदों को राहत मिल सकती है और शहर के वार्डों की तस्वीर बदली जा सकती है।
जनता को भव्य प्रवेश द्वार नहीं, अपने हक की पेंशन, आवास की किस्त, विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र, बेहतर सड़कें, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं चाहिए।
होरा ने कहा कि शहर का विकास द्वारों की ऊंचाई से नहीं, आम नागरिक के जीवन में आने वाले सुधार से मापा जाता है। जनता का पैसा, जनता की सुविधा और जनता का विकास—यही नगर निगम की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।


