महासमुंद। CG NEWS : जिले के बागबाहरा से शिक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। शासकीय हाई स्कूल नवाडीह खुर्द में पदस्थ शिक्षक संजय नंद पर छात्राओं से अशोभनीय बातें करने, कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाने और शराब के नशे में स्कूल पहुंचने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पालकों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की शिकायत शिक्षा विभाग और कलेक्टर से की। जांच भी हुई, लेकिन करीब डेढ़ महीने बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। अब नाराज पालकों ने बच्चों को स्कूल भेजना तक बंद कर दिया है।
बागबाहरा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल नवाडीह खुर्द में कक्षा 9वीं और 10वीं में 54 विद्यार्थी पढ़ते हैं। पालकों का आरोप है कि शिक्षक संजय नंद की पदस्थापना के कुछ ही दिनों बाद उनके व्यवहार को लेकर शिकायतें शुरू हो गई थीं। विद्यार्थियों का आरोप है कि उन्हें कम अंक देने और फेल करने की धमकी भी दी जाती है।


मामले को लेकर पालकों और जनप्रतिनिधियों ने बीईओ, डीईओ और कलेक्टर से लिखित शिकायत की। इसके बाद दो अधिकारियों से जांच कराई गई। पालकों के मुताबिक जांच पूरी हुए करीब डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन अब तक शिक्षक पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बाद तीन दिन के भीतर निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई है।
कार्रवाई में देरी से नाराज पालकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। कुछ छात्राओं के दूसरे स्कूल में दाखिले के लिए टीसी लेने की बात भी सामने आ रही है। पालकों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बच्चों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए तत्काल उचित कार्रवाई की जाए।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर जांच पूरी हो चुकी है, तो कार्रवाई में देरी क्यों? और जिन बच्चों को स्कूल में सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, अगर वही स्कूल जाने से डरने लगें, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है? अब निगाहें शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


