भानुप्रतापपुर। CG NEWS: भानुप्रतापपुर कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड अंतर्गत मांगहूर शासकीय विद्यालय में नशे की हालत में पहुंचने के मामले में पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया के खिलाफ अब विभागीय और कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने प्रधानपाठक को निलंबित कर दिया है।


वहीं, संबंधित मामले में थाने में FIR भी दर्ज की गई है। दरअसल, प्रधानपाठक के कथित तौर पर नशे की हालत में विद्यालय पहुंचने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और शासकीय स्कूलों में अनुशासन को लेकर सवाल उठे थे। विद्यालय जैसे जिम्मेदार संस्थान में इस तरह की घटना सामने आने से बच्चों की शिक्षा और शिक्षकीय दायित्वों को लेकर भी चिंता जताई गई थी।
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर कुंदन कुमार जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और विद्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को लगातार निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में मांगहूर स्कूल का यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद संबंधित प्रधानपाठक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही पुलिस थाने में FIR दर्ज होने से मामला अब कानूनी प्रक्रिया के दायरे में भी आ गया है। एक ही मामले में विभागीय निलंबन और FIR दर्ज होने के बाद यह कार्रवाई जिले के शासकीय विद्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि विभागीय जांच और पुलिस की विवेचना में क्या तथ्य सामने आते हैं।


