धमधा। CG NEWS ; भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस महापर्व के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर धमधा में एकता परेड 2026 के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दुर्ग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशानुसार धमधा थाना परिसर में थाना स्टाफ, उनके परिवारजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने दूरदर्शन पर प्रसारित एकता परेड 2026 का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान भारतीय सेना की भव्य परेड, जवानों के शौर्य, अनुशासन और देश की सांस्कृतिक विविधता की शानदार प्रस्तुतियों का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक भारत श्रेष्ठ भारत के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में देश की एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर धमधा थाना प्रभारी महेश कुमार ध्रुव, वरिष्ठ भाजपा नेता दाऊ प्रशांत अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष बृजेन्द्र दानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रह्मभट्ट, युवा नेता पियूष ताम्रकार, समाजसेवी सामर्थ ताम्रकार एवं पत्रकार संघ अध्यक्ष निकेत ताम्रकार सहित थाना स्टाफ, उनके परिवारजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता और अखंडता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।


