रायपुर। CG Weather: छत्तीसगढ़ में बारिश ने दिन की गर्मी पर ब्रेक लगा दिया है। राजधानी के लालपुर मौसम केंद्र में गुरुवार को अधिकतम तापमान महज 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। यहां पिछले 24 घंटों में 37 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई।
मौसम में आए इस बदलाव के बीच शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भी छाता साथ रखने की जरूरत पड़ सकती है। रायपुर में बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने की आशंका
प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। हालांकि, बारिश लाने वाले मौसमी सिस्टम की ताकत अब घट रही है।
आईएमडी के मुताबिक, ‘अर्नब’ का बचा हुआ अवदाब गुरुवार शाम तक कमजोर होकर मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे ओडिशा के ऊपर स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है। यह उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में और कमजोर हो सकता है। सिस्टम कमजोर पड़ने के बावजूद शुक्रवार को बारिश पूरी तरह बंद होने का पूर्वानुमान नहीं है।
सुकमा से पिथौरा तक जमकर बरसे बादल
पिछले दिन की बारिश के आंकड़ों में सुकमा, कोंटा, नरहरपुर और पिथौरा में 7 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई। तोकापाल, दोरनापाल, केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, धमतरी, राजिम, देवभोग और मैनपुर सहित कई स्थानों पर 5 से 6 सेंटीमीटर बारिश हुई।
रायपुर, गरियाबंद, राजनांदगांव, पेंड्रा रोड, चारामा, सरायपाली, पलारी और छुरा समेत अन्य इलाकों में करीब 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के बाद अब नजर कमजोर पड़ते सिस्टम और अगले मौसम अपडेट पर है।


