रायपुर। RAIPUR CRIME NEWS : राजधानी रायपुर में कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा कारोबारी से 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 लाख रुपये नकद समेत करीब 54 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
एक सप्ताह तक की रेकी, फिर उड़ाए 53 लाख रुपये

पुलिस के मुताबिक, शैलेंद्र नगर निवासी किशोर बलवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। 9 अक्टूबर 2026 को वे अपनी एक्टिवा से दुकान जा रहे थे। उनके वाहन के सामने रखे सफेद कपड़े के बैग में नकदी रखी हुई थी। सुबह करीब 11:45 बजे वे कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेले पर पान खाने रुके। इसी दौरान अज्ञात आरोपी एक्टिवा के सामने रखे नकदी से भरे बैग को लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 535/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए।
आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदले और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने हजारों कैमरों के फुटेज का क्रमवार विश्लेषण कर दोनों की पहचान मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा के रूप में की। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाई रकम
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पिछले एक सप्ताह से कारोबारी की रेकी कर रहे थे। वे उसके घर से दुकान आने-जाने और रोजाना की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। 9 अक्टूबर को मौका मिलते ही उन्होंने नकदी से भरा बैग पार कर दिया।
वारदात के बाद आरोपियों ने रकम को अपने घरों में गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपा दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 53 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम से संबंधित तीन बैंक खाते फ्रीज कराए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपये है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मनीष यदु के खिलाफ पहले मारपीट और जुआ एक्ट के मामले दर्ज रहे हैं। वहीं, कमलेश कुशवाहा भी मारपीट के एक मामले में पहले गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. मनीष यदु (39 वर्ष), पिता शत्रुघन लाल यदु, निवासी सेक्टर-2, डी.डी. नगर, रायपुर।
2. कमलेश कुशवाहा (36 वर्ष), पिता शिवनाथ कुशवाहा, निवासी भारत माता स्कूल के पास, टाटीबंध, रायपुर।
पुलिस की इस कार्रवाई से कटोरा तालाब क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की उठाईगिरी का खुलासा हुआ है।


