अंबिकापुर। CG NEWS : वाहनों में पटाखों जैसी तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने पूर्व में जब्त किए गए करीब 800 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस और विभिन्न थाना-चौकी की टीमों द्वारा पिछले कुछ महीनों से लगातार कार्रवाई की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के बाद ऐसे वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाकर जब्त किए गए थे।
सरगुजा पुलिस ने ऑटो पार्ट्स संचालकों, मैकेनिकों और गैरेज मालिकों को भी चेतावनी दी है कि वाहनों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने या लगाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में कंपनी के निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर रखने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


