अभनपुर। CG NEWS: अवैध मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाइयों के विक्रय तथा दवाइयों के अनाधिकृत उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से ड्रग इंस्पेक्टर हंसा साहू एवं उनकी टीम तथा थाना अभनपुर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से अभनपुर क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान थाना अभनपुर से पीएसआई विमल खरे एवं पेट्रोलिंग स्टाफ के साथ क्षेत्र में संचालित मेडिकल दुकानों का निरीक्षण कर दवाइयों के रख-रखाव, बिक्री संबंधी दस्तावेज एवं आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। मेडिकल संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के प्रतिबंधित/नियंत्रित दवाइयों का विक्रय न करें तथा सभी आवश्यक नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करें।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल संचालकों को विशेष रूप से ऐसी दवाइयों की बिक्री एवं भंडारण के संबंध में सतर्क रहने हेतु निर्देशित किया गया, जिनका दुरुपयोग नशीले पदार्थों के रूप में किया जा सकता है। साथ ही मेडिकल दुकानों में निर्धारित लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखने तथा दवाइयों की बिक्री का नियमानुसार रिकॉर्ड संधारित करने के संबंध में भी समझाइश दी गई।
पुलिस एवं ड्रग विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि अवैध दवाइयों के विक्रय, नशीली/प्रतिबंधित दवाइयों के दुरुपयोग एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह संयुक्त निरीक्षण अभियान क्षेत्र में दवाइयों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशीली दवाइयों के दुरुपयोग से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
थाना अभनपुर पुलिस द्वारा इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।


