बिलासपुर। CG NEWS : जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में बीदर त्योहार के दौरान हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद जांच में जुटी मस्तूरी पुलिस ने अब 13 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, गतौरा गांव में बीदर त्योहार के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटना से जुड़े संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस ने मामले में 13 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है, वहीं नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


