रायपुर। RAIPUR VIDEO : छत्तीसगढ़ के रायपुर के भाठागांव स्थित रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में बुधवार सुबह नगर निगम ने करीब 40 मकानों पर बुलडोजर चला दिया है। निगम के मुताबिक, इन मकानों का निर्माण स्वीकृत लेआउट के बाहर बिना अनुमति किया गया था।
निगम अधिकारियों के अनुसार, कॉलोनी में लेआउट के बाहर निर्माण को लेकर संबंधित बिल्डरों और मकान मालिकों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद बुधवार को निगम जोन-6 की टीम 12 बुलडोजर लेकर मकानों को तोड़ने पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

लेआउट के बाहर निर्माण, जलभराव की समस्या
जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव के मुताबिक, इलाके में जलभराव, पानी, बिजली और नाली से जुड़ी शिकायतें भी मिली थीं। जांच के दौरान लेआउट के बाहर किए गए निर्माण सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बिल्डरों ने आगे निर्माण नहीं करने का भरोसा दिया
निगम का कहना है कि, कार्रवाई के बाद संबंधित बिल्डरों ने लेआउट के बाहर आगे कोई निर्माण नहीं करने का भरोसा दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई भी नियमानुसार की जाएगी।


