अभनपुर। CG NEWS : ग्राम पंचायत उलबा में सरपंच नेहरू साहू के खिलाफ एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। गांव के 11 पंचों में से 9 पंच अभनपुर SDM कार्यालय पहुंचे और सरपंच के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
पंचों ने सरपंच पर पंचायत में अनियमितता बरतने और अभद्र व्यवहार करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि यह दूसरी बार है जब सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। इससे पहले भी पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव लगाया था, लेकिन सरपंच नेहरू साहू की ओर से हाईकोर्ट का रुख किए जाने के बाद प्रस्ताव पर स्थगन मिल गया था।

इस बार फिर पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंचों का आरोप है कि पंचायत के कई तरह के बिलों में तारीख तक दर्ज नहीं है, जिसे लेकर पंचायत के कामकाज और दस्तावेजों की जांच की मांग उठ सकती है।

11 में से 9 पंचों के SDM कार्यालय पहुंचने से पंचायत की सियासत गरमा गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से अविश्वास प्रस्ताव पर आगे क्या कार्रवाई की जाती है और लगाए गए आरोपों की जांच किस स्तर पर होती है।

