रायपुर। CG NEWS : नगरीय निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक कमान कसनी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रमुख नगर निगमों में पर्यवेक्षकों के साथ-साथ सह-पर्यवेक्षकों की भी नियुक्तियां कर दी हैं। चुनावी तैयारियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं में कसावट लाने के उद्देश्य से 4 नगर निगमों, 5 नगर पालिकाओं और 6 नगर पंचायतों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।
पर्यवेक्षकों को तत्काल अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में पहुंचकर चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। बीरगांव नगर निगम का पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया को नियुक्त किया गया है। मोतीलाल देवांगन और लेखराम साहू को सह-पर्यवेक्षक बनाए गए। इसके तहत भिलाई नगर निगम की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू को सौंपी गई है। दीपक दुबे को सह- पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं रिसाली नगर निगम की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और भिलाई-चरौदा नगर निगम का प्रभार पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को दिया गया है। कन्हैया अग्रवाल को सह-पर्यवेक्षक की ज़िम्मेदारी दी गई। राजेन्द्र साहू को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।



