सुकमा। CG NEWS: दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करने के उद्देश्य से सुकमा पुलिस द्वारा ‘निवा दुवड़ ते’ यानी ‘आपके द्वार पर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना गोलापल्ली क्षेत्र के संवेदनशील गांव सिंगाराम में पुलिस टीम पहुंची और ग्रामीणों एवं बच्चों से सीधा संवाद किया।
पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस पहल के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी दी और पुलिस के साथ निरंतर संवाद एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।

बच्चों के बीच शिक्षक बने ASP मनोज तिर्की
कार्यक्रम के दौरान ASP मनोज तिर्की ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उनसे गिनती एवं पहाड़े पूछे। बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व के बारे में भी बताया। इस दौरान बच्चों के बीच बिस्किट और चॉकलेट का वितरण किया गया।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से कई रोचक सवाल पूछे। बच्चों ने पूछा कि पुलिस अधिकारी कैसे बनते हैं और पुलिस का काम क्या होता है? पुलिस अधिकारियों ने बच्चों के सवालों का सहजता से जवाब दिया और उन्हें मेहनत व लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों से सीधा संवाद, समस्याओं की ली जानकारी
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ खुलकर बातचीत की और उनकी स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और सहयोग के लिए पुलिस हमेशा उनके साथ है।
‘निवा दुवड़ ते’ अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करना तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है। सुकमा पुलिस की इस पहल से सिंगाराम के ग्रामीणों और बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, SDOP जितेंद्र कुंभकार सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।


