रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चलती लोकल ट्रेन में यात्री से मोबाइल लूटने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ट्रेन में मोबाइल पर बात कर रहे यात्री के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल छीना और ट्रेन से उतरकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल समेत दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। गाड़ी संख्या 68706 डोंगरगढ़-बिलासपुर लोकल रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले यात्री दीपक पटेल (32) मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उनके हाथ पर डंडा मारा और मोबाइल छीनकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर GRP रायपुर थाना में अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
RPF-GRP की संयुक्त टीम ने शुरू की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार और रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर RPF पोस्ट रायपुर और GRP रायपुर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश और पूछताछ शुरू की गई।
लगातार प्रयास के बाद संयुक्त टीम ने 11 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित ऑटो स्टैंड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान अंशु रानेकर (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके कब्जे से यात्री से छीना गया रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
टिकट काउंटर से मोबाइल चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से एक वीवो कंपनी का दूसरा मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि यह मोबाइल उसने 20 अप्रैल 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट काउंटर से चोरी किया था।
इस मामले में GRP रायपुर थाने में पहले से अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज है। इसमें BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस कार्रवाई में RPF निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक बीके राठौर, सहायक उप निरीक्षक डीके वर्मा, संजय यादव, संतोष क्षत्रिय, बीएस ठाकुर और एसके सुखीतराम सहित RPF-GRP की संयुक्त टीम शामिल रही।

