आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने अपनी बेटी की मौत को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला को उसके पति ने कुएं में धक्का दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
मृतका की पहचान पुष्पा सोनकर के रूप में हुई है। उसके पिता रामधार सोनकर ने आरंग थाने में लिखित शिकायत देकर बताया कि पुष्पा का विवाह लगभग 20 वर्ष पहले गुढ़ियारी पारा निवासी भोला सोनकर से हुआ था। दंपति के चार बच्चे हैं।
पति पर अवैध संबंध और प्रताड़ना का आरोप
शिकायत के अनुसार, पिछले करीब तीन वर्षों से भोला सोनकर का किसी अन्य महिला से कथित संबंध था, जिससे उसका एक बच्चा भी बताया जा रहा है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि भोला सोनकर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था तथा पुष्पा को जान से मारने की धमकी भी देता था।
घटना वाले दिन क्या हुआ?
मृतका की 18 वर्षीय बेटी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की रात आरोपी घर नहीं लौटा। अगले दिन 31 जुलाई सुबह करीब 5 बजे वह घर पहुंचा और पुष्पा के साथ फिर विवाद हुआ। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद वह पुष्पा को घर के पीछे स्थित कुएं की ओर ले गया।
करीब सुबह 8:15 बजे आरोपी ने मृतका की बहन को फोन कर बताया कि पुष्पा कुएं में गिर गई है।
इलाज के दौरान हुई मौत
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में पुष्पा को पहले आरंग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
मृतका के पिता और परिजनों का कहना है कि पुष्पा पूरी तरह स्वस्थ थी और अचानक कुएं में गिरने की बात संदिग्ध है। उनका आरोप है कि अवैध संबंधों में बाधा बनने के कारण आरोपी ने ही उसे कुएं में धक्का देकर मारने की कोशिश की।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
परिजनों ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

