गिरीश गुप्ता गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच फिंगेश्वर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नदी के तेज बहाव में बहने से सहसपुर निवासी 55 वर्षीय थनवार यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे थनवार यादव अपने गांव सहसपुर से घुरसा रोड की ओर जाने के लिए नदी पार कर रहे थे। लगातार बारिश के चलते नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गए।
ग्रामीणों ने शुरू की तलाश, खुटेरी के पास मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद खुटेरी गांव के पास नदी में एक शव दिखाई दिया। गांव के युवाओं ने साहस दिखाते हुए नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला।
शव की पहचान करने पर वह सहसपुर निवासी थनवार यादव का निकला। ग्रामीणों के अनुसार नदी से बाहर निकालने तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बारिश के बीच प्रशासन की अपील
लगातार बारिश के कारण गरियाबंद जिले के कई नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रिपोर्ट: गिरिश गुप्ता

