रायपुर/नई दिल्ली: देश के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने विशेष अदालत में पेश चार्जशीट में कई गंभीर आरोपों का उल्लेख किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले की जांच और तेज हो गई है।
CBI के अनुसार, आरोपियों पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क संचालित करने, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में भूमिका निभाने के आरोप हैं। चार्जशीट में असीम दास, रोहित गुलाटी, विकास छपरिया, अनिल धममानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा के नाम शामिल हैं।
जांच एजेंसी ने इस मामले में पहले से आरोपी बनाए गए सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भी अतिरिक्त साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए हैं। दोनों को महादेव ऐप सिंडिकेट का प्रमुख संचालक माना जाता है।
CBI का कहना है कि महादेव बेटिंग ऐप के जरिए देश-विदेश में बड़े पैमाने पर अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया गया और करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन हुए। एजेंसी मामले के आर्थिक और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दायरे में अभी कई अन्य संदिग्ध भी हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या नई कार्रवाई हो सकती है।

