बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से रोड रेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लग्जरी मर्सिडीज कार से उतरा युवक बीच सड़क एक बाइक सवार के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 जुलाई को इंदिरानगर की 12वीं मेन रोड स्थित ट्रैफिक सिग्नल पर हुई। बताया जा रहा है कि रेड सिग्नल के दौरान बाइक सवार मर्सिडीज और एक अन्य कार के बीच से निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मर्सिडीज में बैठा एक युवक गाड़ी से उतरा और बाइक सवार को थप्पड़ मारते हुए धक्का दे दिया।
घटना का वीडियो वहां मौजूद एक राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कई राहगीरों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत कराया।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस तक वीडियो पहुंच चुका है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

