रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में लगातार दो दिनों के भीतर तीन हॉस्टलों का प्लास्टर गिरने से छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा घटना में प्लास्टर गिरने से एक छात्र घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में विश्वविद्यालय के तीन अलग-अलग हॉस्टलों में छत और दीवार का प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से छात्र दहशत में हैं। उनका कहना है कि हॉस्टल भवन काफी पुराने हो चुके हैं और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण हादसों का खतरा बना हुआ है।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रभावित हिस्सों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त स्थानों को तत्काल खाली कराकर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अन्य हॉस्टलों की भी तकनीकी जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
छात्रों ने मांग की है कि सभी हॉस्टल भवनों की सुरक्षा जांच कराई जाए और जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल काम कराया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी भवनों का निरीक्षण कराया जा रहा है और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

