गरियाबंद। जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र के ग्राम घुमरापदर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कथित तौर पर जमीन बंटवारे के विवाद में एक सगे भाई ने दूसरे भाई पर तीर-कमान से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके जीजा भी घायल हो गए।
पीठ में धंसा तीर, रायपुर रेफर
जानकारी के अनुसार, कमार भुंजिया समुदाय के गन सिंह कमार पर उसके सगे भाई रज्जो कमार ने कथित रूप से तीर-कमान से हमला कर दिया। तीर पीठ में गहराई तक धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया।

बीच-बचाव करने आए जीजा भी हुए घायल
घटना के दौरान विवाद शांत कराने पहुंचे घायल के जीजा पर भी आरोपी ने तीर-कमान से हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए। उनका इलाज जारी है।
जमीन विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की वजह आपसी जमीन बंटवारे का विवाद बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आरोपी फरार, तलाश जारी
घटना के बाद आरोपी रज्जो कमार मौके से फरार हो गया। अमलीपदर थाना पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

क्षेत्र में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे घुमरापदर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

