छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बहनों की जान चली गई। घर की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से आठ और 10 साल की दो बच्चियां मलबे में दब गईं। हादसे में एक 30 वर्षीय महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जिले के एक गांव में उस समय हुई, जब दोनों बच्चियां और महिला घर के पास मौजूद थीं। अचानक कच्ची दीवार ढह गई और तीनों उसके मलबे में दब गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे से सभी को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार बारिश और दीवार की जर्जर स्थिति के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से बारिश के मौसम में जर्जर मकानों और दीवारों से दूर रहने की अपील की है।

