हरियाणा के फरीदाबाद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां छह माह की गर्भवती महिला की उसके पति पर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति अपनी पत्नी पर शक करता था और इसी वजह से वह उसे रोजाना करीब 10 घंटे तक घर में बंद करके नौकरी पर चला जाता था। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को अमित गुप्ता से हुई थी। दोनों हाल ही में फरीदाबाद की पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 स्थित नए घर में रहने आए थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया था। वह पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक करता था, दहेज में एयर कंडीशनर और अन्य सामान की मांग करता था और उसे घर से बाहर निकलने तक नहीं देता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुबह करीब साढ़े आठ बजे नौकरी पर जाते समय घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर देता था और शाम करीब सात बजे लौटता था। पड़ोसियों ने भी बताया कि गर्भवती नेहा अक्सर पूरे दिन घर में बंद रहती थी और उसे अकेले बाजार जाने की भी अनुमति नहीं थी।
घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद अमित गुप्ता ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसका सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बाद में उसने अपने एक रिश्तेदार को फोन कर हत्या की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

