अंबाला कैंट में सनसनी: बंद घर में मिलीं दो बहनों की लाशें, इलाके में फैली बदबू से खुला राज
हरियाणा के अंबाला कैंट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान के अंदर दो सगी बहनों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मामला महेश नगर थाना क्षेत्र के प्रीत नगर इलाके का है। बताया जा रहा है कि घर से कई दिनों से तेज बदबू आ रही थी, जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद पड़े मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। घर के भीतर का दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया। दोनों बहनों के शव सड़ी-गली हालत में पड़े मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत करीब 15 से 20 दिन पहले हो चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक, एक बहन का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, जबकि दूसरी का शव फर्श पर मिला। दोनों बहनें लंबे समय से घर में अकेले रह रही थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद दोनों एक-दूसरे का सहारा थीं। इनमें से एक बहन मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है, जबकि दूसरी उसकी देखभाल करती थी।
इलाके के लोगों का कहना है कि दोनों का ज्यादा मेलजोल किसी से नहीं था। कई दिनों तक घर बंद रहने के बावजूद किसी को शक नहीं हुआ। बाद में घर से उठ रही बदबू ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह प्राकृतिक मौत है या इसके पीछे कोई और वजह है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

