छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में 45 डिग्री पार; लू का अलर्ट जार
छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़ और महासमुंद में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिसके कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि नवतपा की शुरुआत के साथ गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ सकता है। हालांकि जून के दूसरे सप्ताह तक मानसून के बस्तर क्षेत्र में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की अपील की है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली और पानी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। कई इलाकों में बिजली कटौती और जल संकट की शिकायतें सामने आने लगी हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

