बिलासपुर। CG NEWS: NEET-UG 2026 परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन यानी NSUI ने बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने परीक्षा निरस्तीकरण, छात्रों पर पड़े मानसिक दबाव और आत्महत्या की घटनाओं को गंभीर बताते हुए National Testing Agency यानी NTA को भंग करने की मांग उठाई है।
NSUI पदाधिकारियों ने कहा कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटना से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। संगठन के अनुसार परीक्षा संचालन में लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की विफलता के कारण करीब 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा की अनिश्चितता और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद कई राज्यों से छात्रों की आत्महत्या की खबरें सामने आई हैं, जो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

NSUI ने इसे केवल परीक्षा घोटाला नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य और विश्वास पर हमला बताया।छात्र संगठन ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार से पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच, दोषियों और कोचिंग माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई, NTA को भंग कर नई पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करना, आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को सहायता देना और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाना शामिल है।
NSUI ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में छात्र आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


