रायपुर। Petrol Diesel Price Hike: छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में पेट्रोल-डीजल फिर महंगा हो गया है और महज पांच दिन में पेट्रोलियम कंपनियों ने लगातार दूसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर आम लोगों को तगड़ा झटका दिया है. मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उबाल जारी है और अब इसका असर आमलोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है. इस बार तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमत करीब 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के रेट में 3 रुपये लीटर का इजाफा किया गया था। इस बढ़ोतरी के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल का रेट 104 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल का रेट 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गया है, वहीं डीजल 91.58 रुपये लीटर बिक रहा है, जो पहले 90.67 रुपये लीटर था। मुंबई में पेट्रोल के दाम 106.68 रुपये से बढ़कर 107.55 हो गए हैं, जबकि डीजल 93.14 रुपये से 94.05 रुपये प्रति लीटर हो गया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद रायपुर में पेट्रोल 104.32 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, बिलासपुर में पेट्रोल के दाम 67 पैसे बढ़े हैं और कीमत 104.81 रुपये हो गए हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद रायपुर में डीजल के दाम भी बढ़कर 97.38 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। रायपुर में डीजल 85 पैसे महंगा हुआ है। वहीं, बिलासपुर में डीजल की कीमत 72 पैसे बढ़ी है और अब 97.85 पैसे प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है। पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें आज (19 मई) सुबह 6:00 बजे से लागू हो गईं। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के बाद भी सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है, जिसे देखते हुए पिछले सप्ताह भी पेट्रोल-डीजल में 3 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
डीजल महंगा होने का असर सिर्फ वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रकों और मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। इसके अलावा खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने की लागत भी बढ़ेगी। वहीं बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी आने वाले दिनों में इजाफा देखने को मिल सकता है।
अफवाह से बड़ी थी पैनिक बाइंग
इससे पहले कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई को लेकर फैली अफवाहों के बीच कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए थे। कुछ स्थानों पर पंप बंद होने जैसी स्थिति भी बन गई थी, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई थी। हालांकि, अब स्थिति सामान्य है।
और बढ़ सकते हैं दाम
विशेषज्ञों के मुताबिक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी है। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बाद क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गए हैं। इससे तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। अगर वैश्विक बाजार में यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में ईंधन के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।


