रायगढ़। Son Killed Mother: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी ही 70 वर्षीय मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, जब उसकी 10 साल की मासूम बेटी दादी को बचाने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा की है। पुलिस ने मामले का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर करते हुए आरोपी बेटे संदीप लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में रहने वाली 70 वर्षीय मेरीना लकड़ा अपने घर में खून से लथपथ हालत में मृत पड़ी हैं। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान महिला के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं घर में मौजूद उनकी 10 वर्षीय नातिन अगस्टीना लकड़ा भी सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल बच्ची को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। पुलिस टीम ने तत्काल गांव पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है और उसके पांच बच्चे हैं। उसकी बेटी क्रिटीवा का एक्सीडेंट में पैर टूट गया था, जिसके इलाज के लिए परिवार मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में रुका हुआ था। 14 मई को वह अपनी बेटी अगस्टीना के साथ गांव लौटा था। गांव आने के बाद उसने लगातार शराब पीना शुरू कर दिया। उसकी मां मेरीना लकड़ा ने शराब पीने को लेकर उसे डांटा और नशे में घूमने से मना किया। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गया और फिर दोबारा शराब पीकर वापस लौटा।
नशे में बौखलाए संदीप ने घर में रखा लकड़ी का डंडा उठाया और अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और कान के नीचे किए गए हमलों से वृद्ध महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसी दौरान बेटी अगस्टीना दादी को बचाने दौड़ी तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। घायल बच्ची किसी तरह जान बचाकर पड़ोसी के घर भागी। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


