भिलाई में महिला की मौत के बाद निजी अस्पताल और डॉक्टरों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक महिला का सीजर ऑपरेशन कराने के बाद डॉक्टर कथित तौर पर घूमने चले गए थे। ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन समय पर सही इलाज नहीं मिलने का आरोप परिजनों ने लगाया है।
बताया जा रहा है कि महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने सीजर ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत नाजुक बनी रही। परिजनों का आरोप है कि मुख्य डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं थे और लापरवाही बरती गई। हालत ज्यादा बिगड़ने पर महिला को दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 12वें दिन उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस से भी की गई है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत मेडिकल लापरवाही से हुई या नहीं।

