सहारनपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: गर्भवती भाभी की फावड़े से हत्या, आरोपी देवर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नशे में धुत एक युवक ने अपनी गर्भवती भाभी की फावड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतका की पहचान सना नाज के रूप में हुई है, जो करीब 5 से 6 महीने की गर्भवती बताई जा रही थी। वहीं आरोपी युवक का नाम आमिर बताया गया है, जो मृतका का देवर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आमिर नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया।
बताया जा रहा है कि गुस्से में आए आमिर ने घर में रखे फावड़े से सना नाज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी खून से सना फावड़ा लेकर घर के अंदर ही मौजूद रहा, जिससे परिवार के लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलने पर नानौता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आरोपी को काबू में करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी ने गैस सिलेंडर खोलकर आग लगाने की धमकी भी दी थी। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
मृतका के पति सलमान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे घरेलू विवाद और नशे की हालत मुख्य कारण प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
फिलहाल पुलिस आरोपी आमिर से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

